Gumla: घाघरा थाना क्षेत्र के तेंदार पाकइरकोना में वज्रपात की चपेट में आने से 10 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद प्रभावित परिवारों में मातम का माहौल है. जानकारी के अनुसार मारियानुस मुंडा के दो गाय और छह बैल तथा सोनू मुंडा के दो बैल आयता डोडा नामक स्थान पर चर रहे थे. इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए सभी मवेशी एक पेड़ के नीचे जमा हो गए.
वज्रपात की चपेट में आकर हुई मौत
इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से सभी मवेशी उसकी चपेट में आ गए. वज्रपात इतना तेज था कि 10 मवेशियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मारियानुस मुंडा और सोनू मुंडा के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. दोनों किसानों ने बताया कि खेती के लिए उनके पास मवेशियों के अलावा कोई दूसरा साधन नहीं है. बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और खेती की तैयारी करनी है, लेकिन मवेशियों की मौत से उनके सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है.

क्षतिपूर्ति की मांग
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है. उनका कहना है कि मवेशियों के बिना खेती करना और परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो जाएगा.
ALSO READ : डगरनवां और कादोडीह में लंबित आवास योजनाओं का बीडीओ ने किया निरीक्षण
