Hazaribagh: हजारीबाग पुलिस के लिए आज का दिन गर्व भरा रहा. पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली और जांबाजी के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया. यह सम्मान उन्हें बरही बैंक डकैती जैसे बड़े मामले को सुलझाने में निभाई गई उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए दिया गया है.
सराहनीय कार्य: पुलिस की सक्रियता से मिली सफलता
सम्मान समारोह के दौरान एसपी अमन कुमार ने कहा कि सरोज सिंह चौधरी के नेतृत्व और त्वरित कार्रवाई ने जांच को सही दिशा दी. उनकी टीम की सक्रियता और तकनीकी अनुसंधान के कारण ही पुलिस आरोपियों के गिरेबान तक पहुंचने में सफल रही. पुलिस विभाग में इस सम्मान से अधिकारियों और जवानों का मनोबल बढ़ा है.

बड़ी कामयाबी: वाराणसी में हुई छापेमारी
बरही बैंक डकैती कांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस टीम ने पूरी तत्परता दिखाते हुए अपराधियों के ठिकाने पर दबिश दी और उन्हें दबोच लिया.
बरामदगी: कैश और सोना बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट का सामान और पैसे भी बरामद किए गए हैं, जो पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. बरामद सामान में ₹20 लाख रुपये कैश, 912 ग्राम कीमती सोना और वारदात में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो गाड़ी शामिल है. एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए अपराधियों के खिलाफ यह अभियान इसी तरह जारी रहेगा और बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को आगे भी पुरस्कृत किया जाएगा.
