Hazaribagh: जिले की फिजा में सुरक्षा और शांति का नया भरोसा जगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है. मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल बैठक में डीआईजी अंजनी कुमार झा और एसपी हजारीबाग ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध और अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है.
नशा मुक्त हजारीबाग: हॉटस्पॉट्स पर होगी छापेमारी
बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा नशे का काला कारोबार रहा. डीआईजी ने सख्त आदेश दिया है कि पुलिस उन तमाम इलाकों को चिह्नित करे जहां मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री होती है. अब केवल छोटे तस्कर ही नहीं, बल्कि इनके पीछे छिपे मुख्य अभियुक्तों को भी बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

एक्शन मोड: गुंडा पंजी और सीसीए की तैयारी
संगठित अपराध करने वालों और अवैध खनन (कोयला, बालू, पत्थर) में शामिल माफियाओं के लिए पुलिस अब काल बनने वाली है. डीआईजी ने दो टूक कहा, कि अवैध खनन रोकने के लिए अंचल अधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाकर सीधा प्रहार होगा. सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले और पेशेवर अपराधियों पर सीसीए लगाया जाएगा और उनकी हाजिरी थाने में अनिवार्य की जाएगी. जमीन विवाद के मामलों में अब थानों को सीधे अंचल और अनुमंडल अधिकारी से पत्राचार कर त्वरित समाधान निकालना होगा.
न्याय मिलेगा: महिला सुरक्षा और लंबित कांड
पुलिस अधीक्षक ने बैठक में पेंडिंग केसों की फाइलों को तेजी से निपटाने का निर्देश दिया. महिला प्रताड़ना और SC/ST एक्ट से जुड़े मामलों की जांच 60 दिनों के अंदर पूरा करने का अल्टीमेटम दिया. 2025 से पहले के सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने और जिले में लंबित गुमशुदगी के मामलों की समीक्षा कर उन्हें जल्द से जल्द हल करने का निर्देश दिया गया.
बकरीद 2026: त्योहार पर कड़ी सुरक्षा
आगामी बकरीद को देखते हुए पुलिस अभी से अलर्ट है. पुराने सांप्रदायिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं ताकि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था में कोई खलल न पड़ सके.
यह भी पढ़ें: चाईबासा ब्लड बैंक का लाइसेंस नवीनीकरण लंबित, मरीजों को हो रही भारी परेशानी
