हजारीबाग: शहर की खूबसूरती पर जगह-जगह बदइंतजामी के दाग, निगम नहीं ले रहा सुध

Hazaribagh: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावों के बीच कई प्रमुख इलाकों में सफाई व्यवस्था की बदहाली नजर आ रही...

Hazaribagh
Hazaribagh: The city's beauty is marred by mismanagement

Hazaribagh: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावों के बीच कई प्रमुख इलाकों में सफाई व्यवस्था की बदहाली नजर आ रही है. कहीं सड़क किनारे और बीच रास्ते में कचरा पसरा है, तो कहीं डस्टबिन महीनों से उलटा पड़ा है. आनंदा चौक के पास नाली की सफाई के लिए हटाया गया स्लैब करीब चार महीने बाद भी नहीं लगाया गया है. खुले नाले और सड़क किनारे पसरी गंदगी से लोगों को परेशानी हो रही है और हादसे का खतरा बना हुआ है. गोल चौक स्थित थोक मंडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यवसायी और खरीदार पहुंचते हैं. इसके बावजूद सड़क किनारे और बीच रास्ते में कचरा फेंका जा रहा है. कचरे के ढेर के आसपास आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित कचरा उठाव और सफाई से समस्या का समाधान हो सकता है.

जैन मंदिर चौक पर महीनों से उलटा पड़ा डस्टबिन

बड़ा बाजार स्थित जैन मंदिर चौक के पास लगाया गया डस्टबिन महीनों से उलटा पड़ा है. इससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों को कचरा रखने में परेशानी हो रही है. लोगों का कहना है कि डस्टबिन की समय पर मरम्मत या उसे व्यवस्थित नहीं किए जाने से आसपास गंदगी फैल रही है. आनंदा चौक के पास नाली का स्लैब करीब चार महीने से खुला पड़ा है. बताया गया कि नाली की सफाई के लिए स्लैब हटाया गया था, लेकिन सफाई के बाद इसे दोबारा नहीं लगाया गया. आसपास आनंदा कॉलेज, नगर भवन और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं, जहां रोज बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं. खुले नाले से खासकर रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

नियमित निगरानी की जरूरत

स्थानीय लोगों ने नगर निगम से नियमित सफाई, समय पर कचरा उठाव, डस्टबिन की व्यवस्था और खुले नालों को तत्काल ढकने की मांग की है. लोगों का कहना है कि शहर की स्वच्छता केवल दावों से नहीं, बल्कि नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई से सुनिश्चित होगी. प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में बदइंतजामी नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है.

ALSO READ: 41वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा: सदर अस्पताल में जागरूकता मार्च, नेत्रदान के लिए लोगों को किया प्रेरित

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *