Ranchi: 41वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा देशभर में मनाया जा रहा है. इसी क्रम में रांची सदर अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और नर्सिंग स्टूडेंट्स ने जागरूकता मार्च निकाला. मार्च के जरिए लोगों को मृत्यु के बाद नेत्रदान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई. इस दौरान लोगों को बताया गया कि नेत्रदान से किसी दृष्टिहीन व्यक्ति की जिंदगी में रोशनी लौट सकती है. साथ ही नेत्रदान को लेकर समाज में फैले भ्रम, मिथक और डर को दूर करने की अपील की गई. लोगों से अधिक से अधिक संख्या में नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील की गई.

नेत्रदान महादान: उपाधीक्षक
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक बिमलेश सिंह ने कहा कि आज से नेत्रदान पखवाड़े की शुरुआत की जा रही है. नेत्रदान महादान है और इसके लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के नेत्रदान से दृष्टिहीन व्यक्ति को दोबारा दुनिया देखने का मौका मिल सकता है. उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल का प्रयास है कि इस अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया जाए. फिलहाल रांची सदर अस्पताल में नेत्रदान की व्यवस्था नहीं है, लेकिन आने वाले समय में यहां भी नेत्रदान की सुविधा शुरू करने की तैयारी है.
AlsoRead:झारखंड के नियमित DGP की नियुक्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त: एमिकस क्यूरी को नोट सौंपने का निर्देश

