Ranchi: सिविल कोर्ट रांची के NIA के विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत में पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में सुनवाई होनी थी, लेकिन किसी कारणवश शुक्रवार को सुनवाई टल गई. अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 17 जून की तिथि निर्धारित की है. मामले में पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर के मामले में सुनवाई होनी है.

इस मामले में पूर्व मंत्री गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर, पूर्व नक्सली कुंदन पाहन, बलराम साहू उर्फ बोलो, राम मोहन सिंह मुंडा, कृष दांगी उर्फ सुशील दांगी, राजेश संथाल उर्फ राजेश दा, राधेश्याम बड़ाइक, प्रफुल्ल कुमार महतो उर्फ भक्ति महतो, टिपरू बुरमा, शेष नाथ सिंह आदि आरोपी हैं. पूर्व में सुनवाई के दौरान राजा पीटर को छोड़कर अन्य आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई थी.
क्या है मामला
9 जुलाई 2008 को तमाड़ के तत्कालीन विधायक रमेश सिंह मुंडा की नक्सलियों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी. इस जघन्य हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए मामले की कमान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपी गई थी. एनआईए ने इस पूरी साजिश की विस्तृत जांच की और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए.
इसी क्रम में 8 जुलाई 2016 को आरोपी पूर्व नक्सली राम मोहन सिंह मुंडा को गिरफ्तार किया गया था, जो तब से लगातार न्यायिक हिरासत में है. बताया जाता है कि रमेश सिंह मुंडा की हत्या बुंडू में फुटबॉल मैच के दौरान नक्सलियों ने कर दी थी. इस मामले में बुंडू थाना में कांड संख्या 65/2008 दर्ज किया गया था. इसे बाद में एनआईए ने टेकओवर करते हुए 1/2017 दर्ज किया था.
