Ranchi: लोकतंत्र, लोकलाज से चलता है लेकिन कांग्रेस ने लोकलाज की सारी मर्यादाओं को लांघने का काम किया है. इन बातों को मीडिया के सामने रखते हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस से सवाल किया कि उनकी पार्टी के और बीजेपी के कितने सदस्य झारखंड विधानसभा में हैं? झारखंड में कांग्रेस से कहीं अधिक सदस्य भारतीय जनता पार्टी के हैं. 16 विधायक रखकर कांग्रेस खुद हॉर्स ट्रेडिंग करने का काम कर दूसरे को उपदेश देने का काम रही है. कांग्रेस बतलाये कि वह 28 सदस्य कैसे पूरा करेगी? यह लोग खरीद फरोख्त करने का काम कर रहे हैं और उल्टा बीजेपी को आंख दिखा रहे. भारतीय जनता पार्टी पैसे की राजनीति नहीं करती है. खरीद फरोख्त पर हमारी पार्टी विश्वास नहीं करती है. इसलिए कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए, तब कोई बात करनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: झिरी में कचरे से बन रही गैस, खत्म हो रहा कचरे का पहाड़; जनप्रतिनिधियों ने देखा ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मॉडल
कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा देश ने बार-बार देखा
आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस के चाल, चरित्र और चेहरा को झारखंड एवं देश की जनता ने बार-बार देखा है. कांग्रेस ने देश को बर्बाद करने का काम किया है. यह वही कांग्रेस है जिन्होंने झारखंड के आंदोलन को 3 करोड़ रुपए में खरीदने का काम किया. पैसों से लोगों को तौलना इनका स्वभाव रहा है. जिन जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार या इनके समर्थन से सरकार रही है उसको दीमक की तरह चाटने का काम कांग्रेस करती है. झारखंड को भी दीमक की तरह चाट रही है. झारखंड को बर्बाद करने के लिए राज्य को गलत दिशा में ले जा रही है. ये लोग बीजेपी को नैतिकता की पाठ नहीं पढ़ाएं. सूचना है कि कांग्रेस अपने विधायकों को दूसरे राज्यों में ले जाने के लिए परेशान है. कांग्रेस को अपने विधायकों पर ही विश्वास नहीं है. बोली लगाने, डराने, धमकाने के लिए उन्हें अन्यत्र ले जाने की तैयारी है. कांग्रेस बतलाए कि वह विधायकों को बाहर क्यों ले जाना चाहती है?
संख्या बल नहीं था, नहीं तो कोई बीजेपी का कार्यकर्ता ही राज्यसभा जाता
आदित्य साहू ने कहा कि हमारी पार्टी की इच्छा थी कि कोई कार्यकर्ता ही राज्यसभा जाए. लेकिन बीजेपी के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है. बीजेपी चाहती तो जोड़तोड़ की राजनीति से किसी कार्यकर्ता को राज्यसभा चुनाव भेज सकती थी लेकिन हम उस पार्टी और परिवार के सदस्य हैं जहां एक वोट से वाजपेयी सरकार गिर गयी थी. तब उन्होंने जोड़तोड़ की राजनीति की बजाय सत्ता गंवाना बेहतर समझा. इसलिए झारखंड बीजेपी के कार्यकर्ता ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे वाजपेयी जी के सपनों या विचारधारा को कष्ट पहुंचे. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड को जोड़-तोड़ एवं खरीद फरोख्त की राजनीति, भ्रष्टाचार से उबारने का काम किया है.
यह भी पढ़ें: उज्ज्वला योजना पर कांग्रेस का हमला: 12 का वादा, 4 सिलेंडर पर आकर रुकी मोदी सरकार
झारखंड से कांग्रेस के प्रत्याशी का कोई नाता भी है?
प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस से पूछा है कि उनके राज्यसभा प्रत्याशी कितने दिन झारखंड आए? क्या झारखंड में कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं थे? पैसे की बोली लगाकर, पैसा लेकर देश में जब कहीं जगह नहीं मिला तो झारखंड से प्रत्याशी बना दिया गया और कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं के हक और अधिकार को छीनने का काम किया गया. जबकि दूसरे निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी लगातार दो बार झारखंड से राज्यसभा के सांसद रहे हैं. उनके कार्यकाल को सभी ने देखा है. सांसद रहते हुए उन्होंने गांव, गरीब, किसान के कल्याण के लिए उल्लेखनीय काम किया है. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी समर्थन मांगने आए थे. पार्टी ने उन्हें अपना समर्थन दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बहुत बारीकी से कांग्रेस की राजनीतिक नौटंकी व सारे घटनाक्रम को देख और समझ रही है. सही समय पर जनता माकूल जवाब देगी. प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह एवं अशोक बड़ाइक भी मौजूद रहे.


