News Desk: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान गर्मी ने तीखा रूप ले लिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त पानी पीते रहें.
दक्षिण बंगाल में लू, उत्तर बंगाल में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल तक दक्षिण बंगाल में भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना नहीं है. वहीं, उत्तर बंगाल के जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे वहां के लोगों को कुछ राहत मिल सकती है.
पानागढ़ बना सबसे गर्म इलाका
राज्य के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा दिख रहा है. पश्चिम बर्धमान जिले के पानागढ़ में अधिकतम तापमान 43.8°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री ज्यादा है.
वोटिंग वाले जिलों में भीषण गर्मी
जिन जिलों में मतदान होना है, वहां भी पारा 42°C के पार पहुंच गया है. बांकुड़ा में 43.2°C, आसनसोल में 42.5°C और पुरुलिया में 42.3°C तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी जिलों में तापमान सामान्य से 3–5 डिग्री अधिक रह सकता है, जबकि तटीय इलाकों में यह 2–3 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है.
Read Also: West Bengal Election: मतदान से पहले सख्त हुआ आयोग, उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
उमस ने बढ़ाई परेशानी
तापमान के साथ-साथ नमी ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कोलकाता और तटीय जिलों में आर्द्रता 80–90% तक पहुंच सकती है, जिससे चिपचिपी गर्मी और असहजता महसूस हो रही है.
उत्तर बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश
दूसरी ओर, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जैसे पहाड़ी जिलों में 28 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. राजधानी कोलकाता में हाल ही में अधिकतम तापमान 35.6°C दर्ज किया गया.
क्या होती है हीट वेव ?
मौसम विभाग के अनुसार, जब किसी क्षेत्र में लगातार दो दिनों तक तापमान 40°C या उससे अधिक रहता है और यह सामान्य से काफी ऊपर होता है, तो उसे हीट वेव या लू कहा जाता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं और तेज सौर तापन (solar heating) इस स्थिति के मुख्य कारण हैं.
