Palamu : जिले के पांकी थाना क्षेत्र के करार पंचायत के नादगाद गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति की बेहरमी से हत्या कर दी गई. यह घटना मंगलवार की देर रात हुई है. जहां अज्ञात अपराधियों ने 66 वर्षीय बुजुर्ग धनराज भुइयां की बेरहमी से हत्या कर दी. बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अपराधियों की धरपकड़ और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन शुरू कर दी है.
फॉरेंसिक एंगल से जांच की मांग की है
इस घटना की शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट या किसी पुरानी दुश्मनी के दृष्टिकोण से मामले को देख रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गयी है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जायेगा. इधर, परिजनों और स्थानीय लोगों ने खोजी कुत्तों और फॉरेंसिक एंगल से जांच की मांग की है.

जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद मध्य सदस्य खुशबू कुमारी तुरंत पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं. उन्होंने रोते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और इस दुखद घड़ी में हरसंभव मदद का भरोसा दिया. खुशबू कुमारी ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद कायराना और निंदनीय है. शांत इलाके में इस तरह की वारदात कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ी करती है. मैं प्रशासन से मांग करती हूं कि बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को चौबीस घंटे के भीतर सलाखों के पीछे भेजा जाए.
