Ranchi: गिरिडीह जिले में सनसनी फैलाने वाले चर्चित दंपती हत्याकांड में पुलिस को एक कामयाबी मिली है. वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को रांची पुलिस ने राजधानी के स्टेशन रोड इलाके से धर-दबोचा है. यह सफलता गिरिडीह पुलिस और रांची पुलिस के सटीक समन्वय और त्वरित कार्रवाई के कारण मिली है. गिरिडीह पुलिस की गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए रांची के चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने स्टेशन रोड क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.
छछंदो पंचायत के तिरिलटांड़ गांव का है मामला
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत छछंदो पंचायत के तिरिलटांड़ गांव के रहने वाले हैं. इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से ही दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार थे. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक की पहचान सोनाराम हांसदा उर्फ रमेश पांडू हांसदा के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस गुप्त स्थान पर रखकर दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके.

ALSO READ: झारखंड हाईकोर्ट ने जमीन रिकॉर्ड में ऑनलाइन गड़बड़ियों पर जताई सख्त नाराजगी
धारदार हथियार से किया गया था दंपती पर हमला
घटनाक्रम के अनुसार, बीते 2 जून की देर रात अज्ञात अपराधियों ने तिरिलटांड़ गांव में रहने वाले 35 वर्षीय पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परणी देवी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया था. पतिया हांसदा की हमले के दौरान मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई थी, जबकि परणी देवी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया था, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे गिरिडीह जिले में आक्रोश और सनसनी का माहौल था.
