रांची रोड पर स्कॉर्पियो पर गिरा विशाल सूखा पेड़, टला बड़ा हादसा

PALAMU: जिले के मेदिनीनगर शहर में आए तेज अंधड़ ने एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही और आने वाले खतरों की ओर...

PALAMU: जिले के मेदिनीनगर शहर में आए तेज अंधड़ ने एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही और आने वाले खतरों की ओर इशारा कर दिया है. रांची रोड स्थित होंडा शोरूम के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक विशाल सूखा पेड़ वहां खड़ी स्कॉर्पियो पर अचानक गिर पड़ा. गनीमत रही कि जिस वक्त पेड़ गिरा, गाड़ी के भीतर या उसके आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई और किसी की जान को नुकसान नहीं पहुँचा.

गाड़ी को भारी नुकसान, बड़ा हादसा टला

पेड़ की भारी टहनी सीधे गाड़ी की छत पर जा गिरी जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुँचा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा भीड़भाड़ वाले समय में होता या पेड़ किसी राहगीर पर गिरता तो परिणाम बेहद घातक हो सकते थे. एक तरफ जिला प्रशासन खराब मौसम को देखते हुए लगातार लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ शहर की व्यस्त सड़कों पर खड़े सूखे पेड़ प्रशासन के दावों को मुंह चिढ़ा रहे हैं.

Also Read: हुसैनाबाद में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान, वाहनों की सघन जांच, ब्लैक फिल्म हटाई गई

सूखे पेड़ों को हटाने की उठी मांग

रांची रोड जैसे व्यस्त इलाके में कई वर्षों से सूखे पेड़ खड़े हैं जो राहगीरों के लिए मौत का जाल साबित हो सकते हैं. मछली मार्केट और रांची रोड के निवासियों ने इस घटना को लेकर प्रशासन के प्रति कड़ा रोष जताया है. स्थानीय लोगों की स्पष्ट मांग है कि सड़क किनारे चिह्नित सभी सूखे पेड़ों को अविलंब काटा जाए और खतरनाक ढंग से झुकी हुई टहनियों की छंटाई सुनिश्चित की जाए. मानसून और अंधड़ के मौसम से पहले एक सुरक्षा ऑडिट होना अनिवार्य है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. वक्त रहते इन सूखे पेड़ों को नहीं हटाया गया तो मेदिनीनगर किसी बड़ी अनहोनी का गवाह बन सकता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *