Chatra: जिले के चतरा-डोभी मुख्य मार्ग एनएच-22 पर स्थित लरकुआ मोड़ इलाके में इन दिनों भीषण जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है. ट्रक चालकों की मनमानी और प्रशासनिक लापरवाही के कारण हालात बदतर होते जा रहे हैं.
लंबा जाम, परेशान यात्री
डीएवी स्कूल से लेकर सेरेगड़ा जंगल और संघरी घाटी तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं. आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सबसे ज्यादा दिक्कत शादी-विवाह में जा रही गाड़ियों को हो रही है. कई बार दूल्हे की गाड़ी तक घंटों जंगल में जाम में फंसी रह जाती है.
ट्रक चालकों की लापरवाही बनी वजह
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक चालक सड़क पर ही बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ी कर सो जाते हैं. इससे सड़क संकरी हो जाती है और आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है. विपरीत दिशा से आने वाले बड़े वाहनों के कारण छोटे चार पहिया वाहन पूरी तरह फंस जाते हैं.
नशे में बदसलूकी, बढ़ रहा खतरा
स्थिति तब और बिगड़ जाती है जब शराब के नशे में धुत ट्रक चालक वाहन हटाने के बजाय लोगों से उलझ जाते हैं. कई बार बदसलूकी की घटनाएं भी सामने आती हैं. इससे कभी भी बड़ी घटना होने की आशंका बनी हुई है.
पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने पुलिस पेट्रोलिंग और पीसीआर टीम की भूमिका पर सवाल उठाए हैं. आरोप है कि घाटी क्षेत्र में रात के समय नियमित पेट्रोलिंग नहीं होती. पीसीआर में तैनात अधिकारी सड़क किनारे वाहन खड़ी कर आराम करते नजर आते हैं, जिससे ट्रक चालकों का मनोबल बढ़ता जा रहा है.
टैक्स केंद्रों पर वसूली का आरोप
नगर पालिका के टैक्स संग्रह केंद्रों पर भी मनमानी का आरोप लगाया गया है. नो एंट्री खुलने के बाद बैरिकेड लगाकर नियमों के विरुद्ध वाहनों को रोककर वसूली की जा रही है. इससे सिंगल लेन सड़क पूरी तरह जाम हो जाती है. हेरु नदी, सिमरिया रोड और पाराडीह स्थित केंद्रों का भी यही हाल है.
अनफिट वाहनों से बढ़ा खतरा
अनफिट और परमिट फेल ट्रकों की आवाजाही ने खतरे को और बढ़ा दिया है. ऐसे में बड़ा हादसा होने पर जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल है.
प्रशासन ने दिया भरोसा
परिवहन विभाग ने कहा है कि अनफिट और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जाम की समस्या को जल्द नियंत्रित किया जाएगा.
ALSO READ: CUET UG 2026 को लेकर बड़ा अपडेट, एडमिट कार्ड जल्द होगा जारी
