IG ने की अपराध समीक्षा बैठक, लंबित कांडों के निष्पादन और मुहर्रम सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश

Hazaribagh: पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ...

Hazaribagh: पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में लंबित मामलों के निष्पादन, मादक पदार्थों की रोकथाम, संगठित अपराध पर कार्रवाई, आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार तथा मुहर्रम पर्व की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

मादक पदार्थ और संगठित अपराध पर सख्ती के निर्देश

आईजी ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त स्थानों एवं व्यक्तियों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में शामिल व्यक्तियों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा. साथ ही सीसीए एवं थाना हाजिरी का प्रस्ताव भेजने तथा गुंडा पंजी में नाम दर्ज करने के निर्देश भी दिए.

लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर

बैठक में जिले में लंबित गुमशुदगी के मामलों की समीक्षा की गई और उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया. इसके अलावा सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को हत्या, महिला अपराध और अन्य गंभीर मामलों में घटनास्थल का स्वयं निरीक्षण कर अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने तथा कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

ALSO READ :  चतरा पहुंचे बोकारो रेंज के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर पुलिस अफसरों को दिए कड़े निर्देश

जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार की हिदायत

आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार करने, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के साथ व्यवहार से बनती है, इसलिए शिकायतकर्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए.

मुहर्रम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश

आगामी मुहर्रम पर्व को देखते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संवेदनशील सूचना मिलने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाए तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं.\

ALSO READ : ‘कम तेल की थाली, देश की खुशहाली’: हजारीबाग में भाजपा महिला मोर्चा ने बिना तेल के व्यंजन बनाकर दिया आत्मनिर्भरता का संदेश

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *