Pakur: पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. एसडीपीओ दयानंद आजाद ने प्रेस वार्ता में बताया कि 18 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि गोविंदपुर मोड़ के पास एक चाय दुकान में लॉटरी का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है.
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी की गई. इस दौरान मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद हासिम हुसैन के रूप में हुई है.
मौके से भारी मात्रा में लॉटरी टिकट बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से बड़ी संख्या में अवैध लॉटरी टिकट बरामद किए हैं. बरामद टिकटों में नागालैंड स्टेट लॉटरी के 110, नर्मदा लिखित 50 और सिक्किम स्टेट लॉटरी के 50 टिकट शामिल हैं.
केस दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या 82/2026 दर्ज करते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4)/3(5) एवं लॉटरी रेगुलेशन एक्ट 1998 की धारा 7(3) के तहत कार्रवाई की गई है.
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. छापेमारी टीम में थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, अवर निरीक्षक अखिलेश राम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
