Jamshedpur : उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-4 निवासी 80 वर्षीय सुदर्शन शर्मा की शनिवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. वह रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, तभी डिमना से मानगो की ओर जा रही एक अज्ञात बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
बस ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की टक्कर लगने से सुदर्शन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया. हालांकि, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस अज्ञात बस और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : कोडरमा: तिलैया में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने फल स्टॉल में लगाई आग, 40 हजार का नुकसान


