Jamshedpur : बिरसानगर परिडा में एक अधनिर्मित मकान का ताला कटर मशीन से काटकर 8-10 महिलाओं द्वारा अवैध कब्जा करने और घरेलू सामान चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित बाबुलाल कुमार परिडा ने वरीय पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर FIR दर्ज करने और न्याय दिलाने की मांग की है. पीड़ित के अनुसार, घटना को बिरसानगर, जोन नं.-6, परिडा स्थित उनके अधनिर्मित मकान में हुई. कृति नेहा तिग्गा नामक महिला 8-10 अन्य महिलाओं के साथ आई और कटर मशीन से मेन गेट का ताला काट दिया. इसके बाद घर में जबरन प्रवेश कर कब्जा कर लिया. बाबुलाल कुमार ने बताया कि कब्जे के दौरान घर से शाइन, तवा, ग्रेनाइट, पलंग और अन्य गृहस्थी का सामान उठा ले गए. उन्होंने कहा जिस तरह ताला तोड़ा गया वह सीधे-सीधे डकैती है. पूरी घटना का वीडियो फुटेज मेरे पास है.
थाने में शिकायत, कार्रवाई नहीं
घटना की सूचना तुरंत बिरसानगर थाना को दी गई और वीडियो फुटेज भी दिखाया गया. आरोप है कि थाना द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई. पीड़ित ने कोल्हान DIG और अन्य उच्च अधिकारियों को भी लिखित आवेदन दिया है. SSP को दिए आवेदन के साथ ताला टूटने की फोटो कॉपी संलग्न की गई है. पीड़ित ने SSP से कृति नेहा तिग्गा एवं अन्य अज्ञात महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने, मकान से अवैध कब्जा हटाकर उसे वापस दिलाने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी कराने की मांग की है. बिरसानगर थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.
Also Read : झारखंड में 32 लाख लोगों में सिकल सेल जीन, समय पर जांच से बचाव संभव: डॉ. प्रभात कुमार


