जामताड़ा: रानीडीह स्टेडियम का निर्माण एक सप्ताह में शुरू कराने का निर्देश, बजराघाट पुल पर आवागमन बंद

Jamtara: समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को डीसी सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई. इसमें...

Jamtara: समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को डीसी सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई. इसमें विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति, विभागीय समन्वय और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अधिकारियों को तकनीकी और व्यवहारिक अड़चनों को आपसी समन्वय से दूर कर योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया.

रानीडीह स्टेडियम का काम जल्द शुरू करने का निर्देश

रानीडीह स्टेडियम निर्माण की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कर लिया गया है. इस पर उपायुक्त ने विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को अंचल अधिकारी के साथ समन्वय कर एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया. खाद्यान्न गोदाम के निर्माण में भी तेजी लाने को कहा गया. सरकारी स्कूलों के परिसर से बिजली के नंगे तार हटाने की समीक्षा करते हुए शेष विद्यालयों में भी यह काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया.

पीवीटीजी गांवों को मॉडल गांव बनाने पर जोर

कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, वनाधिकार पट्टा और पीवीटीजी ग्रामोत्थान योजना की प्रगति की जानकारी ली गई. उपायुक्त ने पीवीटीजी बहुल गांवों का सर्वे कर उन्हें मॉडल गांव की तर्ज पर विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा. साथ ही मल्टीपरपज भवनों को फंक्शनल बनाकर उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

पीडीएस दुकानों पर लगेंगे आयुष्मान कार्ड कैंप

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान कार्ड बनाने की गति बढ़ाने पर जोर दिया गया. उपायुक्त ने माइक्रोप्लान के अनुसार पीडीएस दुकानों पर कैंप लगाने का निर्देश दिया. इसके लिए स्वास्थ्य सहियाओं और अन्य संबंधित कर्मियों को पीडीएस डीलरों के साथ टैग करने को कहा गया. सदर अस्पताल में साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और बेहतर संचालन को लेकर भी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया. स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण और रखरखाव की भी समीक्षा हुई.

बजराघाट पुल पर आवागमन और नाव परिचालन बंद

जामताड़ा-धनबाद को जोड़ने वाले एनएच-419 पर क्षतिग्रस्त बजराघाट पुल को लेकर बैठक में गंभीर चर्चा हुई. सुरक्षा को देखते हुए उपायुक्त ने पुल से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया. पुल के पास नाव के जरिए लोगों और दोपहिया वाहनों की आवाजाही को भी असुरक्षित बताते हुए नाव परिचालन पर रोक लगाने का आदेश दिया गया. साथ ही लोगों को इसकी जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया.

अनधिकृत स्पीड ब्रेकर हटाने का निर्देश

उपायुक्त ने सड़कों पर अनुपयोगी बिजली पोल लगाकर बनाए गए अनधिकृत स्पीड ब्रेकरों को भी गंभीरता से लिया. संबंधित एजेंसियों को ऐसे स्पीड ब्रेकर तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया. भविष्य में काम पूरा होने के बाद अनुपयोगी बिजली पोल सड़क किनारे नहीं छोड़ने की हिदायत दी गई. बैठक में जेबीसी जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में जलजमाव, विभिन्न स्कूलों में पेयजल की समस्या समेत अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए. बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, एसडीओ अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नीलम कुजूर समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, बीडीओ और सीओ मौजूद रहे.

ALSO READ: कुष्ठ के खिलाफ कोडरमा में अभियान तेज, हॉटस्पॉट बड़कीधमराई में मरीजों की हुई जांच

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *