Jamtara: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में पशुपालन, गव्य विकास एवं मत्स्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, वार्षिक लक्ष्य, प्राप्त आवेदनों, लाभुक चयन प्रक्रिया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी योजनाओं का पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में पशुपालन विभाग की सुकर विकास, बकरा विकास, कुक्कुट पालन, ब्रायलर कुक्कुट पालन सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई. वहीं, गव्य विकास विभाग के अंतर्गत दुधारू गाय योजना, डीप बोरिंग, वर्मी कंपोस्ट, पशु बीमा, चाफ कटर, पनीर एवं खोवा यूनिट स्थापना जैसी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई. उपायुक्त ने पशुधन की मृत्यु दर (मोर्टेलिटी) और बीमा दावों की स्थिति की भी समीक्षा की. अधिकारियों ने बताया कि जिले में पशुधन की मृत्यु दर काफी कम है तथा मृत्यु होने पर पशुपालकों को बीमा योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाता है.
मत्स्य योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान वेद व्यास आवास योजना, विपणन योजना के तहत पिकअप वैन एवं विपणन किट, मत्स्य बीज उत्पादन एवं वितरण, सरकारी तालाबों की बंदोबस्ती तथा जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने मत्स्य विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभुक इनका लाभ उठा सकें.
पंचायत और जनसंख्या के आधार पर लक्ष्य वितरित करने का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि विभागवार प्राप्त लक्ष्य को प्रखंड स्तर पर पंचायतों एवं जनसंख्या के आधार पर समान रूप से वितरित किया जाए, जिससे अधिकतम योग्य लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल सके. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि लाभुकों का चयन विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए. योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, जिला गव्य विकास पदाधिकारी बिपीन कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शैलेंद्र प्रसाद, जिला मत्स्य पदाधिकारी रितु रंजन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
ALSO READ: JPSC का बड़ा फैसला: 25 से 27 जुलाई की मेंस परीक्षा टली, अन्य प्रस्तावित परीक्षाएं भी स्थगित
