Jamtara: दामोदर वैली वस्तुहरा संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष अकबर अंसारी के नेतृत्व में मंगलवार को जिला उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, सीईओ एवं बीडीओ को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में बताया गया कि डीवीसी मैथन डैम निर्माण से सबसे अधिक जामताड़ा जिले के लोग विस्थापित हुए हैं, लेकिन आज तक उन्हें समुचित मुआवजा एवं सीएसआर के तहत विकास कार्यों का लाभ नहीं मिला है. अकबर अंसारी ने कहा कि विस्थापित गांवों में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार एवं सीएसआर के तहत विकास कार्य नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है. इसी को लेकर 25 जून को डीवीसी मैथन प्रोजेक्ट भवन के समीप धरना-प्रदर्शन एवं गेट जाम किया जाएगा. आंदोलन में विभिन्न विस्थापित पंचायतों के मुखिया, समिति सदस्य, वार्ड सदस्य एवं बड़ी संख्या में विस्थापित ग्रामीण शामिल होंगे.
विस्थापित पैनल से हजारों लोगों का नाम हटा दिया गया था
उन्होंने बताया कि 1978 के विस्थापित पैनल से हजारों लोगों का नाम हटा दिया गया था, जिसे नए पैनल में पुनः जोड़ने की मांग की जाएगी. छूटे हुए विस्थापितों से आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लाने की अपील की गई है. समिति ने मांग की है कि डीवीसी एवं आउटसोर्सिंग कंपनियों में कुशल एवं अकुशल मजदूरों की नियुक्ति स्थानीय विस्थापितों से की जाए. साथ ही सीआईएसएफ एवं होमगार्ड के स्थान पर स्थानीय युवकों को सुरक्षा कार्यों में प्राथमिकता देने की भी मांग उठाई गई.
विस्थापित आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित
अकबर अंसारी ने कहा कि डीवीसी उनकी जमीन पर जल संग्रह कर करोड़ों रुपये कमा रहा है, जबकि विस्थापित आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विस्थापितों के अधिकारों की अनदेखी की गई तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है. मौके पर पार्वती सोरेन, नरेंद्र मुर्मू, मिरुदी सोरेन, शिवधाम हांसदा, देवीषण हांसदा, सुखेंद्र टुडू, मखनी हेंब्रम, जोसेफ मुर्मू, शकीला देवी, राबोनी मरांडी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं मुकेश मिर्धा, आदिल अंसारी, अजीत तूरी, सोहेल अंसारी, मानिक आदि मौजूद थे.



