Jamtara: डिजिटल युग में जहां अधिकांश सरकारी और निजी सेवाएं इंटरनेट एवं मोबाइल नेटवर्क पर निर्भर हो गई हैं, वहीं जामताड़ा प्रखंड के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत शहरडाल पंचायत के रंगाडीह गांव के ग्रामीण आज भी कमजोर मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे हैं. जियो और एयरटेल की खराब नेटवर्क सेवा के कारण लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
मोबाइल नेटवर्क बना बड़ी परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में मोबाइल पर सामान्य बातचीत करना भी मुश्किल हो गया है. घरों के भीतर नेटवर्क नहीं मिलने के कारण कॉल करने या रिसीव करने के लिए लोगों को खुले स्थानों पर जाना पड़ता है. कई बार बातचीत के दौरान कॉल कट जाती है, जिससे आवश्यक संवाद भी प्रभावित होता है.

राशन वितरण पर भी असर
ग्रामीणों के अनुसार, नेटवर्क की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकान पर पड़ रहा है. शहरडाल पंचायत के मुखिया सुखेंद्र टुडू ने बताया कि गांव के लगभग 450 राशन कार्डधारियों का सत्यापन ई-पॉस मशीन के माध्यम से किया जाता है, लेकिन कमजोर नेटवर्क के कारण मशीन सही तरीके से काम नहीं करती. इससे लाभुकों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और कई बार बिना राशन लिए ही घर लौटना पड़ता है.
स्थायी समाधान की मांग
मुखिया ने बताया कि रंगाडीह गांव में उनका आवास भी है, लेकिन इसके बावजूद वर्षों से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है. उन्होंने कहा कि कई बार संबंधित अधिकारियों और मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है.
ऑनलाइन सेवाएं भी प्रभावित
ग्रामीणों ने कहा कि खराब नेटवर्क के कारण केवल राशन वितरण ही नहीं, बल्कि बैंकिंग सेवाएं, ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल भुगतान, विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है.
मोबाइल टावर लगाने की मांग
ग्रामीणों ने मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि रंगाडीह गांव में अतिरिक्त मोबाइल टावर स्थापित किए जाएं अथवा मौजूदा नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध संचार सुविधा मिल सके और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो. इस दौरान मनोज टुडू, मंगल टुडू, अभिजीत टुडू, राकेश किस्कू, शिवराम टुडू, देवजीत टुडू, सुबोध बाउरी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे.


