जामताड़ा: ‘छात्रों की आवाज नहीं दबेगी’… न्याय मार्च के बाद शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर जताया विरोध

Jamtara: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज और NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में...

Jamtara
जामताड़ा में न्याय मार्च, शिक्षा मंत्री का पुतला दहन

Jamtara: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज और NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में गुरुवार को जामताड़ा में छात्रों और युवाओं ने न्याय मार्च निकाला. जामताड़ा युवा मंच के बैनर तले आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए. गांधी मैदान से शुरू हुआ मार्च सुभाष चौक, मुख्य बाजार और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए इंदिरा चौक पहुंचा, जहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया.

‘छात्रों को न्याय दो’ के नारों से गूंजा शहर

मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “छात्रों को न्याय दो”, “पेपर लीक बंद करो”, “शिक्षा बचाओ-देश बचाओ” और “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” जैसे नारे लगाए. मुख्य बाजार से गुजरते समय बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन देखने के लिए रुक गए. कार्यक्रम का नेतृत्व रिजवान शेख ने किया, जबकि संचालन हाफिज नाजीर हुसैन और जसीम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया.

छात्रों के समर्थन में उतरे युवा मंच के पदाधिकारी

मीडिया से बातचीत में जसीम अंसारी ने कहा कि जामताड़ा का यह न्याय मार्च उन छात्रों के समर्थन में निकाला गया है, जो दिल्ली के जंतर-मंतर पर निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की.

NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर जताई नाराजगी

रिजवान शेख ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक से लाखों छात्रों की मेहनत प्रभावित हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन पर बल प्रयोग से युवाओं में आक्रोश है. उनका कहना था कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.

सरकार से पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग

हाफिज नाजीर हुसैन और अकबर अंसारी ने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से करना चाहिए. प्रदर्शन के अंत में जामताड़ा युवा मंच के सदस्यों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और छात्र आंदोलनों पर बल प्रयोग की बजाय संवाद का रास्ता अपनाने की मांग की.

बड़ी संख्या में छात्र-युवा रहे मौजूद

प्रदर्शन में अरबाज खान, आशीदुल इजहारुल अंसारी, शमशेर आलम, जाबेद अंसारी, पुष्पा मरांडी, राजा अंसारी, जाहिद अंसारी, सिराज अंसारी, सुफियान कुरैशी, माजेश हेमब्रम, मेराज अंसारी, सुरेश सोरेन, मानिक मिर्धा, सादिक अंसारी, राहुल दास, विक्रांत दास, पुष्पा मुर्मू, सुहागिनी टुडू, सीमा सोरेन, सुबोदी हेमब्रम, निरोधी हेमब्रम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.
ALSO READ: JPSC परीक्षा में कथित धांधली: पूर्व अध्यक्ष के आवास पर 5 घंटे चली रेड, खंगाले गए दस्तावेज, कई कागजात जब्त

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *