Jamtara: शहर के पुराने नगर भवन को लेकर पिछले लगभग पांच वर्षों से चल रहा विवाद आखिरकार समाप्त हो गया. झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए नगर भवन का ताला खुलवाकर जेबीसी डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (पूर्व जेबीसी प्लस टू विद्यालय) को भवन का कब्जा सौंप दिया. यह मामला डब्ल्यूपी (सी) संख्या 3716/2020, रीना कुमारी बनाम स्टेट ऑफ झारखंड एंड अदर्स से जुड़ा है. झारखंड उच्च न्यायालय ने 03 जून 2026 को दिए आदेश में कहा था कि नगर पंचायत अब नए टाउन हॉल से संचालित हो रही है, इसलिए पुराने नगर भवन को खाली कराया जाए.
प्रशासन की कार्रवाई
उपायुक्त के आदेश के बाद अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की. अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया. उनकी मौजूदगी में नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी, टाउन थाना पुलिस और विद्यालय प्रबंधन की उपस्थिति में भवन का ताला खोला गया और विद्यालय को सुपुर्द किया गया. अंचल अधिकारी ने बताया कि यह मामला लंबे समय से न्यायालय में लंबित था, लेकिन अब आदेश के अनुपालन में भवन स्कूल प्रबंधन को सौंप दिया गया है.

विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एबीमाइल टुडू ने इसे शैक्षणिक संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि अब भवन का उपयोग शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा, जिससे छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. करीब पांच वर्षों तक बंद रहने के बाद नगर भवन के पुनः उपयोग में आने से छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखा गया. इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है.

ALSO READ: स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न

