Hazaribagh: राजस्थान में आयोजित 36वीं जूनियर नेशनल थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026-27 में झारखंड की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर टीम ने राज्य का गौरव बढ़ाया. हजारीबाग लौटने पर खिलाड़ियों का कर्जन ग्राउंड में भव्य स्वागत किया गया.
बिहार, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु को हराकर बनाई पहचान
प्रतियोगिता के दौरान झारखंड की बालिका टीम ने लीग मुकाबलों में बिहार, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु जैसी मजबूत टीमों को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई. क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां टीम महज एक अंक से आगे बढ़ने से चूक गई. इसके बावजूद खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल जीता. विजेता खिलाड़ियों के हजारीबाग पहुंचने पर हजारीबाग थ्रोबॉल संघ और रिटायर्ड फुटबॉल क्लब की ओर से ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं, गुलदस्तों और मिठाइयों के साथ जोरदार स्वागत किया गया. खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई.

ALSO RAED : DVC के कार्यकारी निदेशक पीएलएसएस चैतन्य प्रकाश एनएलसी इंडिया लिमिटेड के नए निदेशक पावर बनाये गये

ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं ने दिखाया दम
रिटायर्ड फुटबॉल क्लब के सचिव अभय कुमार पासवान ने कहा कि हजारीबाग के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है. वहीं थ्रोबॉल संघ के सचिव अबोध राम ने बताया कि टीम के अधिकांश खिलाड़ी ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आते हैं. उचित प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलने पर ये खिलाड़ी भविष्य में स्वर्ण पदक भी जीत सकते हैं. थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता से पूर्व खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण शिविर में तकनीकी और कौशल आधारित प्रशिक्षण दिया गया था, जिसका सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देखने को मिला. संघ के उपाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया.
खिलाड़ियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों तक पहुंचाया जाना चाहिए, ताकि वे आगे और बेहतर प्रदर्शन कर सकें.सम्मान समारोह में थ्रोबॉल संघ और रिटायर्ड फुटबॉल क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ और क्लब के कई सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

