Ranchi/Bokaro: झारखंड में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य संवारने का सपना लेकर आए हजारों अभ्यर्थियों को उस समय झटका लगा, जब कुप्रबंधन और तकनीकी खामियों के कारण दो प्रमुख केंद्रों की परीक्षा रद्द कर दी गई. रांची के जिला स्कूल और बोकारो के सरदार पटेल पब्लिक स्कूल (सेक्टर-9) में प्रश्नपत्रों की कमी और भाषा संबंधी त्रुटियों के कारण अभ्यर्थियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
बोकारो के प्रश्नपत्र पहुंचे धनबाद, केंद्र पर होता रहा इंतजार
बोकारो के सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल में स्थिति सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रही. यहां शिक्षा विषय की परीक्षा होनी थी.
परीक्षार्थियों को सुबह आठ बजे ही परीक्षा कक्ष में बैठा दिया गया था. घंटों इंतजार के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे अधिकारियों ने सूचना दी कि संबंधित विषय के प्रश्नपत्र गलती से धनबाद भेज दिए गए हैं और पैकेट भी अधूरे हैं.
इस सूचना के मिलते ही अभ्यर्थियों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने केंद्र पर जमकर नारेबाजी और हंगामा किया.
रांची में उड़िया भाषा के पेपर में आई तकनीकी समस्या
राजधानी रांची के जिला स्कूल केंद्र पर भी अव्यवस्था का आलम रहा. यहां उड़िया विषय (कोड-023) की परीक्षा में प्रश्नपत्रों की अनुपलब्धता और उनके पठनीय न होने की शिकायत सामने आई. परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र स्पष्ट नहीं थे, जिससे परीक्षा देना संभव नहीं था. हंगामे को देखते हुए आयोग ने यहाँ की परीक्षा भी रद्द करने का निर्णय लिया. झारखंड लोकसेवा आयोग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों केंद्रों की संबंधित विषयों की परीक्षा रद्द करने की अधिसूचना जारी कर दी है.
