Ranchi: नालसा (राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा रील एवं शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया और विजेता बना. इस प्रतियोगिता में झारखंड की ओर से भेजी गई रील को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया. नालसा के कार्यकारी अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद द्वारा 13 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय महिला दिवस एवं सरोजिनी नायडू जयंती के अवसर पर फ्रेम्स ऑफ जस्टिस थीम पर इस प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया था. इसका उद्देश्य देशभर के विधि महाविद्यालयों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों के माध्यम से नालसा की विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं- जैसे एसीड अटैक पीड़ित, मानव तस्करी, नशा उन्मूलन, विचाराधीन बंदी, मध्यस्थता एवं बाल संरक्षणके प्रति जागरूकता फैलाना था.

यह भी पढ़ें: प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार-पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
झालसा 2025 में भी रह चुका है विजेता
झालसा ने अपने सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से झारखंड के विभिन्न महाविद्यालयों से प्राप्त रील एवं शॉर्ट फिल्में नालसा को भेजी थीं. इनमें बिरसा कॉलेज, खूंटी द्वारा तैयार की गई रील विशेष रूप से चयनित हुई. इसमें नालसा (आशा-जागरूकता, समर्थन, सहायता और कार्रवाई, बाल विवाह उन्मूलन 2025 विषय को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया था. इस रील को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया. इससे पूर्व भी वर्ष 2025 में झालसा ने इसी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की थी. नालसा जल्द ही विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेगा. झालसा ने इस उपलब्धि पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: झामुमो का कांग्रेस पर एकतरफा प्यार का आरोप, शनिवार को भी खुलेगा विधानसभा
