Lohardaga: जिले में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (कोटपा 2003) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जन-जागरूकता को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर संयुक्त छापामारी अभियान चलाया गया. उपायुक्त संदीप कुमार मीना एवं सिविल सर्जन लोहरदगा डॉ. राजू कच्छप के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान का उद्देश्य तंबाकू नियंत्रण कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना तथा आम लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा.

कई विभागों की रही भागीदारी
यह अभियान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, लोहरदगा, खाद्य सुरक्षा विभाग तथा कुड़ू प्रखंड प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया गया. इसमें अंचल अधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सहित कई विभागों के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही.
प्रमुख स्थानों पर हुई जांच
संयुक्त टीम द्वारा कुड़ू प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान बस स्टैंड, ब्लॉक मोड़, चंदू चौक, जीमा चौक तथा विद्यालयों के आसपास स्थित दुकानों की सघन जांच की गई. अधिकारियों ने विशेष रूप से स्कूलों के निकट तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं कानून के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया. अभियान के दौरान करीब 28 से 30 दुकानों की जांच की गई.
Also Read: रांची पुलिस ने कुसई चौक के पास जुआ खेल रहे 10 जुआरी को किया गिरफ्तार, नकद और बाइक बरामद
12 दुकानदारों पर कार्रवाई
जांच के क्रम में कोटपा अधिनियम 2003 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले कुल 12 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई. संबंधित दुकानदारों से कुल 1100 रुपये वसूला गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तंबाकू उत्पादों की बिक्री और उपयोग से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
कानून और स्वास्थ्य की दी जानकारी
छापामारी अभियान के दौरान दुकानदारों एवं आम नागरिकों को तंबाकू नियंत्रण कानून की विस्तृत जानकारी दी गई. अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान एवं तम्बाकू उत्पादों के सेवन पर प्रतिबंध है तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री भी कानूनन अपराध की श्रेणी में आती है. लोगों को समझाया गया कि तंबाकू सेवन से कैंसर, फेफड़ों की बीमारी, हृदय रोग एवं अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है.
नशामुक्त समाज की अपील
अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजनों से तंबाकू सेवन से दूरी बनाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की. जिला प्रशासन की ओर से यह संदेश दिया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के छापामारी अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके. साथ ही, लोहरदगा को तंबाकू मुक्त जिला बनाने की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जा सकें.
