Ranchi: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच आजसू पार्टी ने मेन्स परीक्षा को तत्काल स्थगित करने की मांग उठाई है. पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता संजय मेहता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर कहा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक मेन्स परीक्षा नहीं कराई जानी चाहिए.
मेन्स परीक्षा स्थगित करने की मांग
संजय मेहता ने कहा कि 14वीं JPSC पीटी परीक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. मामले में परीक्षा नियंत्रक समेत अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है और आयोग के अध्यक्ष ने भी इस्तीफा दे दिया है. ऐसे में अध्यक्ष के बिना मेन्स परीक्षा आयोजित करना कई सवाल खड़े करता है. इसलिए सरकार को तुरंत अधिसूचना जारी कर मेन्स परीक्षा स्थगित करनी चाहिए.
निष्पक्ष जांच के बाद ही परीक्षा ली जाएं
उन्होंने कहा कि सरकार जल्दबाजी में नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर परीक्षा कराने की कोशिश न करे. पहले पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच पूरी होनी चाहिए. जांच पूरी होने के बाद नई अधिसूचना जारी कर आगे की परीक्षा प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा बना रहे. आजसू नेता ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार और आयोग दोनों की जिम्मेदारी है. यदि परीक्षा प्रक्रिया पर ही सवाल उठ रहे हैं, तो पहले उन विवादों का समाधान होना चाहिए. इससे छात्रों के बीच भ्रम और असंतोष भी दूर होगा.
संजय मेहता ने मुख्यमंत्री से किया अपील
संजय मेहता ने मुख्यमंत्री से अपील की कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए 14वीं JPSC मेन्स परीक्षा को तत्काल स्थगित किया जाए और निष्पक्ष जांच पूरी होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाए. उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की आवाज उठाती रही है और आगे भी उनके हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी.
