Ranchi: रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर की सुरक्षा को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में दायर रिट याचिका पर न्यायमूर्ति आनंद सेन की अदालत में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को जानकारी दी कि जगन्नाथपुर मंदिर की सुरक्षा के लिए 24 घंटे चार सशस्त्र जवानों की तैनाती कर दी गई है, जो मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे.
रथ मेला से पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
रथ मेला से पहले मंदिर की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बीच राज्य सरकार ने यह कदम उठाया है. वहीं, झारखंड राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड ने मंदिर के प्रबंधन से जुड़ी कार्ययोजना तैयार करने के लिए अदालत से दो सप्ताह का समय मांगा. अदालत ने यह अनुरोध स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 22 जुलाई निर्धारित की है. गौरतलब है कि ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर की सुरक्षा एवं प्रबंधन को लेकर मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों ने झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की है, जिस पर अदालत सुनवाई कर रही है.

प्रहरी की हत्या के बाद उठे थे सुरक्षा पर सवाल
बीते दिनों जगन्नाथपुर मंदिर में चोरी की मंशा से घुसे अपराधियों ने रात्रि प्रहरी बिरसा मुंडा की हत्या कर दी थी. इस घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे. इसके बाद झारखंड हाईकोर्ट ने रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को जगन्नाथपुर मंदिर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था.


