Palamu: खरीफ सीजन की शुरुआत के बावजूद किसानों को अब तक बीज उपलब्ध नहीं होने से चिंता बढ़ गई है. हुसैनाबाद व्यापार मंडल अध्यक्ष सह पैक्स अध्यक्ष संघ पलामू के जिलाध्यक्ष कृष्णा बैठा ने सरकार से जल्द बीज उपलब्ध कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि रोहिणी नक्षत्र शुरू हुए एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है और किसान खेती की तैयारी में जुटे हैं. सरकार भी संभावित कम वर्षा को देखते हुए समय पर बुआई की सलाह दे रही है, लेकिन धान, मक्का, मड़ुआ, अरहर, तिल और उड़द जैसी फसलों के बीज अब तक किसानों को नहीं मिले है.

किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है
कृष्णा बैठा ने बताया कि किसान रोज पैक्स अध्यक्षों से बीज वितरण की जानकारी मांग रहे हैं, लेकिन कृषि विभाग से कोई स्पष्ट निर्देश नहीं मिलने के कारण उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा पा रहा है. इससे किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. उन्होंने सरकार से मांग की कि खरीफ फसलों के बीज एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसान समय पर बुआई कर सकें और उत्पादन प्रभावित न हो. उन्होंने चेतावनी दी कि बीज वितरण में देरी का सीधा असर किसानों की आय और कृषि उत्पादन पर पड़ेगा.
ALSO READ: हजारीबाग : दो ब्लाइंड केस, पांच मासूमों का मर्डर, कोई गिरोह सक्रिया या विधि व्यवस्था फेल
