NewsWaveDesk: क्या आप जानते हैं कि किस यानी चुंबन करने से भी बीमारी फैल सकती है? अगर यह सुनकर आपको हैरानी हो रही है, तो जान लीजिए कि ‘किसिंग डिजीज’ नाम की एक बीमारी होती है, जो चुंबन से फैलती है. डॉक्टर इसे इंग्लिश में ‘इंफेक्शियस मोनोन्यूक्लियोसिस’ कहते हैं. यह बीमारी एक खास वायरस (एपस्टीन-बार वायरस या EBV) से होती है.
कैसे फैलती है किसिंग डिजीज
यह वायरस आमतौर पर लार (थूक) से फैलता है. जब दो लोग किस करते हैं, तो यह वायरस एक से दूसरे में पहुंच सकता है. इसके अलावा, यह वायरस खांसने, छींकने, खून चढ़ाने या यौन संपर्क से भी फैल सकता है.
किसिंग डिजीज के लक्षण
किसिंग डिजीज के लक्षण कई तरह के हो सकते हैं. इसमें बुखार आना, थकान महसूस होना, सिर दर्द, गला खराब होना, टॉन्सिल में सूजन, लिवर और स्प्लीन का बढ़ना और त्वचा पर लाल चकत्ते होना शामिल है.
किसको ज्यादा खतरा
यह बीमारी ज़्यादातर युवाओं और किशोरों को होती है. छोटे बच्चों में इसके लक्षण बहुत कम नजर आते हैं. बुजुर्गों में भी इसका खतरा कम रहता है, लेकिन कोई भी इसकी चपेट में आ सकता है.
कैसे बचें किसिंग डिजीज से
किसिंग डिजीज से बचने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. अपने मुंह और दांतों को साफ रखें, किसी दूसरे के बर्तन या गिलास का इस्तेमाल न करें, खाना या पीने की चीज़ें शेयर न करें. अगर आप बीमार हैं, तो किसी को किस करने से बचें और हाथ अच्छी तरह धोते रहें.
भारत में यह बीमारी बहुत ज्यादा नहीं दिखती, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है, क्योंकि इसके लिए कोई वैक्सीन नहीं है. साफ-सफाई और थोड़ी सावधानी से आप खुद को और दूसरों को इस बीमारी से बचा सकते हैं.
