कोडरमा: ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ का शुभारंभ, 21 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन

Koderma: माय भारत केन्द्र, कोडरमा (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तहत ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के अगले चरण...

कोडरमा
'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत'

Koderma: माय भारत केन्द्र, कोडरमा (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तहत ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के अगले चरण की शुरुआत की जा रही है. इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनाना और विकसित भारत 2047 के विजन से जोड़ना है. जिला युवा अधिकारी रूद्र शेखर ने बताया कि प्रतियोगिताएं जिला, राज्य और राष्ट्रीय—तीन स्तरों पर आयोजित की जाएंगी. इच्छुक युवा 21 जुलाई 2026 तक माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं.

आठ विधाओं में होगी प्रतियोगिता

जिला स्तर पर युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के लिए आठ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इनमें लोकगीत (फोक सॉन्ग), नृत्य, नुक्कड़ नाटक/माइम एक्ट, पेंटिंग, वाद-विवाद, शॉर्ट फिल्म/रील, स्लोगन लेखन और स्लैम पोएट्री शामिल हैं. जिला स्तर के विजेता 28 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक राज्य स्तरीय चयन में भाग लेंगे, जबकि राज्य स्तर के विजेताओं को 14 अगस्त 2026 को आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा.

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकते हैं भाग

इस अभियान में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा व्यक्तिगत या समूह के रूप में भाग ले सकते हैं. प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति हिंदी, अंग्रेजी या किसी क्षेत्रीय भाषा में दे सकते हैं. हालांकि, प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में हिस्सा ले सकेगा.

ALSO READ: चाईबासा : देसावली को अपवित्र करने और आदिवासियों से मारपीट की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई – मालती गिलुवा

रजिस्ट्रेशन और प्रस्तुति अपलोड करना अनिवार्य

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है. इसके साथ ही प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मक प्रस्तुति भी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी. अभियान का उद्देश्य युवाओं को संस्कृति, संगीत, कहानी और डिजिटल रचनात्मकता के माध्यम से समाज में नशा मुक्त भारत का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित करना है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *