Chaibasa : भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुवा ने मझगांव प्रखंड में आदिवासियों के आस्था के केंद्र देसावली स्थल को कथित रूप से अपवित्र किए जाने और आदिवासी युवकों के साथ मारपीट की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा कि गत 13 और 14 जुलाई को मझगांव प्रखंड स्थित देसावली स्थल पर शराब, बीड़ी व सिगरेट का सेवन करने और अन्य अनुचित गतिविधियों के माध्यम से पूजा स्थल को अपवित्र किए जाने की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. किसी भी व्यक्ति को किसी अन्य समुदाय के धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था स्थल का अनादर करने का कोई अधिकार नहीं है. ऐसे कृत्य सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है.
मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी
मालती गिलुवा ने कहा कि घटना के दौरान आदिवासी समाज के लोगों के साथ मारपीट भी की गई. जिसमें कई युवकों को गंभीर चोटें आई है. घायल युवकों का इलाज सदर अस्पताल, चाईबासा में चल रहा है. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. ऐसे मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता और सख्ती के साथ कार्रवाई करनी चाहिए.
