Koderma : जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में बीती रात हाथियों के झुंड ने अफरा-तफरी मचा दी. हाथियों का झुंड कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर थाना भवन के समीप पहुंच गया और वहां लगी बैरिकेडिंग को तोड़-फोड़ डाला. जानकारी के अनुसार बीती रात अचानक हाथियों का झुंड सड़क पर आ गया और थाना परिसर में प्रवेश करने का प्रयास करने लगा. स्थिति को भांपते हुए नवलशाही थाना के एसआई रवि प्रकाश पंडित ने सूझबूझ दिखाते हुए डंडे में आग जलाकर और पटाखे फोड़कर हाथियों को बाहर खदेड़ा. इसी दौरान एक हाथी एक वाहन से टकरा गया, हालांकि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर भगाया
बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर पटाखे फोड़कर हाथियों को जंगल की ओर भगाया. लगातार हाथियों के उत्पात से परेशान स्थानीय लोगों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है. ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण हाथी आबादी वाले क्षेत्र में आ रहे हैं और लोगों की जान-माल को खतरा बढ़ गया है.
ALSO READ : EXCLUSIVE: झारखंड में नक्सलवाद को बड़ा झटका: खौफ और दबाव के बीच 18 से अधिक माओवादियों ने डाले हथियार
