कोडरमा: पेपर लीक और बेरोजगारी के विरोध में JMM ने किया शिक्षा मंत्री का पुतला दहन

Koderma: राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा की कोडरमा जिला समिति ने गुरुवार...

पेपर लीक और बेरोजगारी के विरोध में JMM ने किया शिक्षा मंत्री का पुतला दहन

Koderma:  राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा की कोडरमा जिला समिति ने गुरुवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया. यह कार्यक्रम पार्टी की केंद्रीय समिति के निर्देश पर आयोजित किया गया. जिला अध्यक्ष वीरेंद्र पांडे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने झुमरीतिलैया के ब्लॉक रोड से जुलूस निकाला. “हेमंत सोरेन जिंदाबाद”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “नरेंद्र मोदी हाय-हाय” के नारे लगाते हुए जुलूस शहर के झंडा चौक पहुंचा. वहां शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका गया. पुतला दहन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए वीरेंद्र पांडे ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीति को जनविरोधी बताया. उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से देश के युवाओं का भविष्य अंधकार में है. केंद्र सरकार शिक्षा के प्रति उदासीन है, जिसके कारण आज युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं.

लाखों युवाओं का प्रदर्शन यह साबित करता है कि देश बदलाव चाहता है: वीरेंद्र कुमार मिश्रा 

जिला प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर लाखों युवाओं का प्रदर्शन यह साबित करता है कि देश बदलाव चाहता है. उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए, भ्रष्टाचार पर लगाम लगे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक आधार पर इस्तीफा दें. वीरेंद्र मिश्रा ने कहा, “पेपर लीक और गलत नीतियों की वजह से देश का युवा भयंकर बेरोजगारी से जूझ रहा है. JMM युवाओं की मांग के साथ है और मांग करती है कि जल्द से जल्द परीक्षा में सुधार कर युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए.”कार्यक्रम में कोडरमा प्रखंड अध्यक्ष चंद्रदेव यादव, सचिव उमेश यादव, इरफान अंसारी, डोमचांच प्रखंड सचिव मोहम्मद अशरफ, नगर अध्यक्ष दीपक विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में JMM कार्यकर्ता उपस्थित थे.

ALSO READ : जामताड़ा: बालू माफियाओं की बढ़ीं मुश्किलें! जामताड़ा में 15 अक्टूबर तक उठाव पर रोक, ड्रोन से होगी निगरानी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *