जामताड़ा: बालू माफियाओं की बढ़ीं मुश्किलें!15 अक्टूबर तक उठाव पर रोक, ड्रोन से होगी निगरानी

Jamtara: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक...

Jamtara
जामताड़ा में अवैध खनन और बालू उठाव पर कड़ा रुख

Jamtara: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई. बैठक में अवैध खनन, अवैध खनिज परिवहन और खनिज कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.

15 अक्टूबर तक बालू उठाव पर पूरी तरह रहेगी रोक

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने, दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के आदेश के तहत 15 अक्टूबर तक कैटेगरी-1 एवं कैटेगरी-2 की सभी नदियों से बालू उठाव पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का निर्देश दिया.

बंद कोयला खदानों की होगी वैज्ञानिक निगरानी

बैठक में नाला थाना क्षेत्र के पांडेश्वर एरिया स्थित बंद कोयला खदानों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अवैध खनन से बने गड्ढों को स्थायी रूप से बंद करने के लिए कंट्रोल ब्लास्टिंग तकनीक पर वैज्ञानिक अध्ययन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. उन्होंने सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध खनन रोकने तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी बढ़ाने का निर्देश भी दिया. पांडेश्वर एरिया के महाप्रबंधक की अनुपस्थिति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई.

GPS से होगी डंपरों की ट्रैकिंग, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

ईसीएल की एसपी माइंस, चितरा से रेलवे साइडिंग तक कोयला ढुलाई की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी डंपरों की GPS के माध्यम से ट्रैकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि निर्धारित मार्ग से भटकने वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए. बिना तिरपाल ढंके कोयला परिवहन करने वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने और उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए. साथ ही डंपरों की फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों की नियमित जांच करने को कहा.

44 वाहन जब्त, करीब 19 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया

बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अवैध खनिज परिवहन और अवैध खनन से जुड़े 40 मामलों में 44 वाहन जब्त किए गए हैं. इन मामलों में 18 लाख 92 हजार 401 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है.

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) नीलम कुजूर, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर, संबंधित अंचलाधिकारी, खान निरीक्षक, ईसीएल पांडेश्वर एरिया, एसपी माइंस चितरा, सीआईएसएफ तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

ALSO READ: जामताड़ा: ‘छात्रों की आवाज नहीं दबेगी’… न्याय मार्च के बाद शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर जताया विरोध

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *