Palamu : मेदिनीनगर शहर के बेलवाटिका पंप कल के समीप कोयल नदी में चल रहा पाइपलाइन विस्तार का कार्य आज उस समय अचानक बाधित हो गया जब नदी का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ गया, पानी की रफ्तार इतनी तेज और अचानक थी कि वहां निर्माण कार्य में लगी भारी-भरकम पोकलेन मशीन को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला, देखते ही देखते मशीन नदी की बीच धार में फंस गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलवाटिका पंप हाउस के पास कोयल नदी के दूसरे चरण (Second Phase) की पाइपलाइन बिछाने और कुआं निर्माण का कार्य प्रगति पर था, इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूरा करने के लिए नदी के बीचों-बीच भारी मशीनें तैनात की गई थीं.
ऊपरी क्षेत्र में बारिश बनी मुख्य कारण
अचानक नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में हुई भारी बारिश या किसी बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नदी के जलस्तर में अचानक उछाल आ गया, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सूखी दिख रही नदी देखते ही देखते जलमग्न हो गई, किनारे पर मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों को संभलने या मशीन को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का तनिक भी समय नहीं मिला, मशीन को बचाने की शुरुआती कोशिशें पूरी तरह नाकाम रहीं.
सुरक्षा के मद्देनजर कार्य ठप
नदी के बीच फंसी पोकलेन मशीन को निकालने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन पानी के बढ़ते स्तर और तेज बहाव को देखते हुए ऑपरेटर और मजदूरों को जान जोखिम में न डालते हुए सुरक्षित पीछे हटना पड़ा, फिलहाल पाइपलाइन का काम पूरी तरह से ठप हो गया है, नदी के बीच खड़ी मशीन पानी के तेज थपेड़ों का सामना कर रही है, प्रशासन और संबंधित विभाग अब जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे हैं ताकि मशीन को बाहर निकाला जा सके और काम दोबारा शुरू हो सके.
Also Read : ब्लैकपिंक की Lisa का Met Gala डेब्यू रहा सबसे अलग, देखें stunning लुक
