Ranchi: राजधानी के समाहरणालय परिसर में आज कानून और व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई. समाहरणालय के बी-ब्लॉक स्थित कमरा संख्या-211 में एसडीओ कार्यालय के कर्मचारी महेंद्र कुमार दास के साथ कथित तौर पर कुछ वकीलों द्वारा कार्यालय में घुसकर मारपीट की गई. घटना के बाद पूरे समाहरणालय में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया है.

कार्यालय में घुसकर मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार, सोमवार को एक महिला अधिवक्ता जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के सिलसिले में महेंद्र कुमार दास के पास पहुंची थीं. बताया जाता है कि आवेदन के साथ अस्पताल द्वारा जारी मूल जन्म प्रमाण पत्र संलग्न नहीं था. नियमों का हवाला देते हुए महेंद्र कुमार दास ने आवेदन वापस कर दिया था. इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई थी. कर्मचारियों के अनुसार, मंगलवार को महेंद्र कुमार दास अपने कार्यालय में बैठकर नियमित सरकारी कार्य कर रहे थे. इसी बीच कुछ वकील अचानक कार्यालय पहुंचे और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि बिना किसी बातचीत के महेंद्र कुमार दास पर हमला कर दिया गया और उनके साथ मारपीट की गई. कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी पिटाई हो चुकी थी.
Read Also: पलामू: जमीन विवाद में मारपीट, महिला समेत तीन लोग घायल
समाहरणालय परिसर में मचा हड़कंप
घटना से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई. शोर-शराबा सुनकर अन्य विभागों के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों के व्यवहार से पूरे कार्यालय में भय और दहशत का माहौल बन गया. मामले को और गंभीर बनाते हुए कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान कमरे में मौजूद महिला कर्मचारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया. इससे महिला कर्मियों में भारी नाराजगी और असुरक्षा की भावना है.
महिला कर्मचारियों से अभद्रता का आरोप
घटना के बाद कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में कर्मी एकजुट होकर एसडीओ कुमार रजत को ज्ञापन सौंपने की तैयारी में जुट गए. कर्मचारियों का कहना है कि यदि सरकारी कार्यालयों में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की जाएगी, तो प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होगी. कर्मचारियों ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा समाहरणालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है. घटना को लेकर समाहरणालय के विभिन्न कार्यालयों में दिनभर चर्चा और आक्रोश का माहौल बना रहा.
