Ranchi : राजधानी में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और संगठित अपराध पर पूरी तरह से शिकंजा कसने की कार्रवाई जारी है. इसी दौरान एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस टीम ने पिछले दो दिनों के भीतर विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है. इस छापेमारी अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 30 से ज्यादा शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि 135 से अधिक लंबित वारंटों का त्वरित निष्पादन किया गया है. उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह रांची पुलिस ने डेढ़ सौ से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था.

देर रात तक चली विशेष टीमों की दबिश
ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराध नियंत्रण और फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष रणनीति तैयार की गई थी. सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों और थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी. यह विशेष अभियान देर रात तक चलाया गया. जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया.
लंबे समय से चकमा दे रहे आरोपी भी दबोचे गए
इस कार्रवाई की सबसे बड़ी कामयाबी यह रही कि पुलिस टीमों ने कई ऐसे शातिर आरोपियों को भी दबोच लिया, जो महीनों से अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस को चकमा देकर लगातार फरार चल रहे थे. अभियान को सफल बनाने के लिए रांची पुलिस के तमाम आला अधिकारी जमीन पर उतरे. अभियान में जिले के सभी डीएसपी, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.
ALSO READ : पलामू: बच्चे से कुकर्म के मामले में आरोपी युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
