Lohardaga: उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने समाहरणालय सभागार में जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जनसमस्याओं के समाधान के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए.
आमजनों से मिलने का समय तय करने के निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि विभागीय पदाधिकारी अपने कार्यालय में आमजनों से मिलने का समय तय करें. उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान की कार्रवाई करें.
क्षेत्र भ्रमण और निरीक्षण पर जोर
प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी अपने क्षेत्र में संचालित कार्यालयों का निरीक्षण करें और कार्यों की समीक्षा करें. गंभीर मामलों को जिला स्तर पर भेजते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें. बिजली और पेयजल की समस्या का त्वरित समाधान करें. ट्रांसफॉर्मर खराब होने की शिकायतों को ठीक कराएं और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें. सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी हीट वेव और डायरिया के लिए विशेष कार्य योजना बनाएं.
बाल देखरेख संस्थानों के निरीक्षण का निर्देश
उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे जिले में स्थित बाल देखरेख संस्थानों का नियमित निरीक्षण करें और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें.
Also Read: साइबर ठगी के दो अभियुक्त को चार-चार साल की सजा, 80-80 हजार जुर्माना
साप्ताहिक समीक्षा और औचक निरीक्षण
उपायुक्त ने बताया कि वे प्रत्येक सप्ताह किसी न किसी प्रखंड का औचक निरीक्षण करेंगे. साथ ही हर मंगलवार और शुक्रवार को जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ जनसमस्याओं की समीक्षा की जाएगी और उनके समाधान के लिए आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
समन्वय समिति की बैठक में मुद्दे उठाने के निर्देश
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिला समन्वय समिति की बैठक में सभी विभाग अपने और अन्य विभागों से जुड़े मामलों को रखें, ताकि उनका समाधान किया जा सके.
वित्तीय नियमों के पालन पर सख्ती
उपायुक्त ने सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विपत्र की निकासी से पहले वित्तीय नियमों का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें.
बैंक और डेटा मिलान जरूरी
निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कर्मियों के बैंक खाते, नाम और आधार नंबर का सही मिलान हो. विपत्र बनाते समय ओटीपी किसी अन्य मोबाइल नंबर पर प्राप्त न करें. सेवापुस्त और बिल मैनेजमेंट सिस्टम में दर्ज डेटा एक समान होना चाहिए.
कर्मियों के स्थानांतरण पर भी निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि एक ही कार्यालय में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत कर्मियों को विपत्र से संबंधित कार्यों से अलग किया जाए या उनके स्थानांतरण का प्रस्ताव दिया जाए.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा ने भी विपत्र निकासी से पहले बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी. बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक हेड क्वार्टर समीर तिर्की, भू अर्जन पदाधिकारी सुजाता कुजूर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी प्रमोद दास सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.
