Lohardaga: शहरवासियों को जल्द ही बेहतर प्रकाश व्यवस्था की सुविधा मिलने की उम्मीद है. लोहरदगा नगर परिषद ने शहर के 23 वार्डों में 4000 नए स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए नगर विकास विभाग को लगभग 3.5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है. प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद योजना पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा. नगर परिषद द्वारा इसकी तैयारी भी प्रारंभ कर दी गई है और संबंधित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है.
अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब स्थिति में
जानकारी के अनुसार, वर्तमान समय में शहर में लगे अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब स्थिति में हैं. नगर परिषद के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में पहले से लगे स्ट्रीट लाइटों में से केवल करीब 1500 लाइट ही सही तरीके से काम कर रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में लाइटें खराब पड़ी हुई हैं. इसके कारण कई मोहल्लों, गलियों और मुख्य सड़कों पर अंधेरा पसरा रहता है. स्थिति यह है कि शहर के मेन रोड और न्यू रोड जैसे प्रमुख इलाकों में भी कई स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़े हुए हैं.

नए इलाकों में भी बढ़ी जरूरत
शहर का लगातार विस्तार होने के कारण नए मोहल्लों और बस्तियों में भी प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही है. रात के समय अंधेरे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और सुरक्षा संबंधी चिंता भी बनी रहती है. इसी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने व्यापक योजना तैयार की है. प्रस्ताव के तहत पुराने खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलने के साथ-साथ नए क्षेत्रों में भी लाइट लगाने की योजना बनाई गई है.
वार्डवार सर्वे कर तैयार हो रही योजना
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जरूरतों का आकलन किया जा रहा है. वार्डवार सर्वे कर यह तय किया जा रहा है कि किन क्षेत्रों में सबसे अधिक स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता है. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के साथ-साथ अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भी स्वयं इस योजना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि योजना समय पर धरातल पर उतर सके.
Also Read: 43 टीम, 118 पुलिसकर्मी और रातभर कार्रवाई, ब्राउन शुगर के खिलाफ हजारीबाग पुलिस का ऑपरेशन
लंबे समय से उठ रही थी मांग
शहर में लंबे समय से बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग उठती रही है. नगर परिषद चुनाव के दौरान भी यह एक प्रमुख मुद्दा बना हुआ था. चुनाव समाप्त होने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने जनप्रतिनिधियों से जल्द स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की थी. लोगों का कहना था कि खराब लाइटों के कारण रात के समय दुर्घटना और अपराध की आशंका बनी रहती है. इसी को देखते हुए नगर परिषद ने प्राथमिकता के आधार पर यह बड़ा प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा है.
नगर परिषद उपाध्यक्ष ने दी जानकारी
नगर परिषद के उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर ने कहा कि शहर के लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना नगर परिषद की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि कई वार्डों में स्ट्रीट लाइट की स्थिति बेहद खराब है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है. नगर विकास विभाग से स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा और सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से नए स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे.
समाजसेवियों ने बताया सकारात्मक कदम
समाजसेवी जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि शहर में प्रकाश व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण लोगों को रात में काफी दिक्कत होती है. नगर परिषद द्वारा भेजा गया यह प्रस्ताव शहर के लिए सकारात्मक पहल है और इससे आम लोगों को राहत मिलेगी.
वहीं समाजसेवी गोपाल गोयल ने कहा कि शहर के विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं का मजबूत होना आवश्यक है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द इस प्रस्ताव को स्वीकृति देगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके.
