Hazaribagh: नशे के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने रातभर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में पिछले 5 वर्षों में अवैध मादक पदार्थ मामलों में शामिल अभियुक्तों तथा मादक पदार्थ का सेवन करने, खरीद-बिक्री करने वाले लोगों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व सभी डीएसपी और इंस्पेक्टर कर रहे थे.
43 टीमों में 118 पुलिसकर्मी किए गए शामिल
उक्त अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों की उपस्थिति में कुल 43 टीमों का गठन किया गया था. गठित टीमों में 118 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था.

100 ठिकानों पर छापेमारी, 77 संदिग्ध हिरासत में
गठित टीमों द्वारा पिछले 5 वर्षों में अवैध मादक पदार्थ मामलों में शामिल अभियुक्तों तथा मादक पदार्थ का सेवन, खरीद-बिक्री करने वाले व्यक्तियों के कुल 100 ठिकानों पर छापेमारी की गई. छापेमारी अभियान के दौरान कुल 77 संदिग्ध व्यक्तियों को थाना लाया गया और पीआर बांड पर हिदायत देकर छोड़ दिया गया.
32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार
अभियान के दौरान दो लोगों को 32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया. दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
हजारीबाग पुलिस ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों में शामिल अभियुक्तों तथा सेवन और खरीद-बिक्री करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आगे भी चलाया जाएगा.
लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके इलाके में अवैध मादक पदार्थ का सेवन, खरीद-बिक्री या किसी प्रकार की अड्डेबाजी की जानकारी हो, तो तुरंत अपने नजदीकी थाना को सूचना दें. सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
