लोहरदगा : देशी पिस्टल व चार जिंदा कारतूस के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार

Lohardaga : लोहरदगा पुलिस ने एक संभावित आपराधिक घटना को समय रहते विफल करते हुए अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को...

Two arrested

Lohardaga : लोहरदगा पुलिस ने एक संभावित आपराधिक घटना को समय रहते विफल करते हुए अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, एक मोबाइल फोन तथा एक अल्टो कार जब्त की है. वहीं एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

अवैध हथियारों के साथ बड़ी घटना की फिराक में 

पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली कि नीले रंग की एक अल्टो कार में सवार कुछ लोग अवैध आग्नेयास्त्र के साथ सोबरनटोली से जुरिया की ओर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल लोहरदगा थाना की विशेष टीम गठित की गई. टीम में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक रविरंजन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अशर्फी बहेलिया, चन्द्रदीप मेहता, रमेश कुमार तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

पुलिस को देखते ही कार से कूदकर भागा बदमाश

करीब 12 बजे पुलिस टीम सोबरनटोली क्षेत्र में पहुंची. इसी दौरान सूचना के अनुरूप नीले रंग की अल्टो कार आती दिखाई दी. पुलिस वाहन को देखते ही कार की पिछली सीट पर बैठा एक व्यक्ति दरवाजा खोलकर गलियों की ओर भाग निकला. पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा. इसी बीच कार चालक वाहन को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया.

कार से बरामद हुआ 7.65 एमएम का पिस्टल

कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो व्यक्तियों की पहचान हुसैन अंसारी (36 वर्ष), ग्राम लोंगा, जिला गुमला और अजय साहू (30 वर्ष), BID प्रेमनगर, लोहरदगा के रूप में हुई. पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान संजय लोहरा के रूप में हुई. तलाशी के दौरान अजय साहू की कमर से एक 7.65 MM का देशी पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए. इनमें तीन कारतूस 7.65 MM और एक कारतूस 7.62 MM का है. इसके अलावा एक सैमसंग मोबाइल फोन और अल्टो कार (पंजीकरण संख्या JH-07B-7575) को भी जब्त कर लिया गया.

हत्या की साजिश रचकर निकले थे तीन आरोपी

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि तीनों मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की योजना बनाकर निकले थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है. इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 102/26 दर्ज किया गया है. आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS)  की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अजय साहू और फरार संजय लोहरा का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है. पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क, हथियार की खरीद-फरोख्त और घटना के संभावित उद्देश्य की गहन जांच कर रही है. इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में रविरंजन कुमार, अशर्फी बहेलिया, चन्द्रदीप मेहता, रमेश कुमार तिवारी, पंचु उरांव, नरेश महली, चालक आरक्षी मुकेश कुमार शर्मा तथा चालक आरक्षी सत्य किशोर कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक संभावित गंभीर आपराधिक घटना टल गई.

Also Read : नीट पेपर लीक : छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, NDA की बैठक में बरसे PM मोदी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *