Ranchi: ड्यूटी से लौट रहे एक होमगार्ड जवान के साथ लूट की घटना सामने आई है. अज्ञात अपराधियों ने चाकू की नोंक पर होमगार्ड जवान गणेश राम से उनकी स्कूटी लूट ली और मौके से फरार हो गए.

जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात सोमवार सुबह चुटिया थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी टीओपी के पास हुई. पीड़ित जवान अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया.
Also Read: डीएसपी किशोर रजक का पोस्ट- सरना सनातन एक नहीं
चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
अपराधियों ने अचानक जवान पर चाकू तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी स्कूटी छीन ली. वारदात के दौरान एक चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि स्कूटी लेकर भागने के क्रम में अपराधियों ने जवान की वर्दी और टोपी रास्ते में ही फेंक दी और वाहन लेकर रफूचक्कर हो गए.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस टीओपी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
