गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी मेजर का बड़ा खुलासा: 70 कारोबारियों से वसूली और विधायक को धमकी के पीछे बंटी खान का हाथ

Dhanbad: कोयलांचल के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खासमखास गुर्गे मेजर उर्फ सैफी ने पुलिस रिमांड के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे...

Dhanbad: कोयलांचल के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खासमखास गुर्गे मेजर उर्फ सैफी ने पुलिस रिमांड के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. जानकारी के मुताबिक मेजर की स्वीकारोक्ति ने धनबाद के राजनीतिक और व्यापारिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है. पुलिस अब इन बयानों के आधार पर सफेदपोशों और गैंगस्टरों के बीच के गठजोड़ को खंगालने में जुटी है.

विधायक रागिनी सिंह को धमकी, जेल से रची गई साजिश:

पूछताछ में मेजर ने साफ किया कि झरिया विधायक रागिनी सिंह को दी गई धमकी के पीछे प्रिंस खान का सीधा हाथ था, लेकिन इसके लिए जमीन प्रिंस के भाई बंटी खान ने तैयार की थी. जेल में बंद बंटी खान ने रागिनी सिंह के बयानों की जानकारी प्रिंस तक पहुंचाई बंटी के उकसाने पर ही प्रिंस खान ने विधायक के खिलाफ धमकी भरा वीडियो जारी किया था. इस वीडियो के बाद धनबाद जेल के भीतर भारी तनाव फैल गया था. मेजर के अनुसार, जेल में बंटी खान और प्रिंस के समर्थकों की पिटाई भी हुई थी, जिससे स्थिति काफी बिगड़ गई थी.

60-70 व्यवसायी देते हैं नियमित रंगदारी:

मेजर ने पुलिस को उन 60 से 70 व्यवसायियों, उद्योगपतियों और ठेकेदारों की सूची दी है जो नियमित रूप से प्रिंस खान को रंगदारी देते है. पुलिस अब इन नामों का मिलान आयकर विभाग के डेटा और तकनीकी साक्ष्यों (सीडीआर और बैंक ट्रांजेक्शन) से कर रही है ताकि अवैध लेन-देन की पुष्टि की जा सके.

सफेदपोशों और मीडियाकर्मियों से साठगांठ:

मेजर के बयानों से यह भी स्पष्ट हुआ है कि प्रिंस खान का नेटवर्क केवल अपराधियों तक सीमित नहीं है. मेजर ने दावा किया है कि सत्ता पक्ष को छोड़कर विभिन्न राजनीतिक दलों के कई कद्दावर नेताओं का संरक्षण प्रिंस खान को प्राप्त है. पुलिस को पहले ही कुछ नेताओं, ठेकेदारों और यहां तक कि कुछ मीडियाकर्मियों के साथ प्रिंस खान की बातचीत के पुख्ता सबूत मिले हैं. इन सभी का सत्यापन किया जा रहा है. पिछले दिनों नगर निगम चुनाव के दौरान सिंह मेंशन परिसर में हुई बमबाजी की घटना पर भी मेजर से कड़ी पूछताछ की गई। हालांकि, मेजर ने इस विशिष्ट घटना में प्रिंस खान की संलिप्तता से इनकार किया है. पुलिस इस बिंदु पर अन्य कोणों से भी जांच कर रही है कि क्या यह किसी अन्य गुट की साजिश थी या मेजर सच छिपा रहा है.।धनबाद पुलिस मेजर द्वारा दिए गए इनपुट के आधार पर अब उन स्लीपर सेल्स और मददगारों को चिन्हित कर रही है जो शहर में रहकर प्रिंस खान के लिए फंड मैनेजर और मुखबिर का काम करते हैं. आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़ी गिरफ्तारियां और छापेमारी होने की संभावना है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *