Simdega: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सिमडेगा नगर भवन में आयुष विभाग द्वारा सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त कंचन सिंह, डीएसपी मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पतंजलि योग पीठ के योग प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त कंचन सिंह एवं डीएसपी मुख्यालय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इसके बाद पतंजलि योग पीठ के प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया. प्रशिक्षकों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव है.
योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान
इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो आज पूरे विश्व में स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली का माध्यम बन चुकी है. उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के शरीर और मस्तिष्क दोनों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. नियमित योगाभ्यास से न केवल कई बीमारियों से बचाव होता है, बल्कि गंभीर रोगों पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है. उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच के लिए योग अत्यंत आवश्यक है.
ALSO READ: तमाड़ में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक, टेंपो और कार की भिड़ंत में एक की मौत, 10 घायल; चार की हालत गंभीर
स्वस्थ और निरोग रहने का लिया संकल्प
उन्होंने सभी लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करते हुए स्वस्थ एवं निरोग रहने का संकल्प लिया. योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को योग के प्रति जागरूक होने तथा नियमित रूप से योग अपनाने का संदेश दिया गया.


