SIR 2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 471 मतदान केंद्रों पर होगा सत्यापन कार्य

Giridih: 28-धनवार विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ, समीर रेनियर खलखो की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर...

Giridih: 28-धनवार विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ, समीर रेनियर खलखो की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्षों, सचिवों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई.

मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति पर चर्चा

बैठक के दौरान वर्तमान निर्वाचक नामावली की वर्ष 2003 की अंतिम गहन पुनरीक्षण सूची से मैपिंग की प्रगति, घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, मतदान केंद्रों के पुनर्गठन, ASDDD मतदाताओं की पहचान, BLA-2 की नियुक्ति तथा दावा-आपत्ति प्रक्रिया सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

अब कुल 471 मतदान केंद्र

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में पूर्व के 424 मतदान केंद्रों के अतिरिक्त 48 नए मतदान केंद्रों का सृजन किया गया है तथा एक मतदान केंद्र का विलय किया गया है. इसके बाद अब क्षेत्र में कुल 471 मतदान केंद्र हो गए हैं.

BLA-2 की नियुक्ति और सत्यापन में सहयोग की अपील

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से शेष मतदान केंद्रों के लिए BLA-2 की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित करने तथा घर-घर सत्यापन और मतदाता मैपिंग कार्य में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया गया. साथ ही ASDDD एवं लॉजिकल एरर से संबंधित मामलों के सत्यापन, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा गणना प्रपत्रों की प्राप्ति एवं जमा करने को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई.

लॉजिकल एरर मामलों में होगी सुनवाई

बैठक में यह भी बताया गया कि लॉजिकल एरर से संबंधित मामलों में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर सुनवाई का अवसर दिया जाएगा. प्राप्त अभिलेखों एवं प्रतिवेदनों के आधार पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मामलों का निष्पादन किया जाएगा.

पारदर्शी और त्रुटिरहित प्रक्रिया पर जोर

बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन के लिए निरंतर सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने का अनुरोध किया गया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *