Jamtara: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों, विशेषकर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता एवं आवश्यकता की समीक्षा की गई.
विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने तथा शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है. इसके लिए शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि पठन-पाठन कार्य प्रभावित न हो. बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, एपीओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
ALSO READ: जामताड़ा में स्थापना एवं अनुकंपा मामलों की समीक्षा, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश



