Ranchi: मौसम केंद्र रांची के अनुसार, राजधानी और इसके आसपास के इलाकों मे अगले दो दिनों (16 और 17 अप्रैल) तक आंशिक बादल छाए रहने और गर्जन के साथ हल्के बादल बनने की संभावना है. हालांकि, राहत की उम्मीद कम है क्योंकि 18 अप्रैल से आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा और चिलचिलाती धूप निकलेगी.
तापमान की बात करे तो रांची मे पारा तेजी से बढ़ रहा है. जहां आज अधिकतम तापमान 38°C रहने का अनुमान है, वही 18 से 20 अप्रैल के बीच इसके 40°C तक पहुंचने की पूरी संभावना है. इस दौरान न्यूनतम तापमान भी 23°C से 24°C के बीच बना रहेगा, जिससे राते भी अपेक्षाकृत गर्म महसूस होंगी.
झारखंड राज्य की मौसमी स्थिति
पूरे राज्य की बात करे तो वर्तमान मे एक निम्न दबाव की रेखा (trough) दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से मणिपुर तक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए गुजर रही है. इसके प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान झारखंड के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों मे कही-कही गर्जन और वज्रपात के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है.
हालांकि, राज्य के शेष हिस्सों मे मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा और अगले तीन दिनों मे अधिकतम तापमान मे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी देखी जा सकती है.
राज्य के पलामू प्रमंडल और दक्षिण-पूर्वी इलाकों के लिए चिंता की बात यह है कि 19 और 20 अप्रैल को वहां उष्ण लहर (Heat Wave) यानी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. डाल्टनगंज और गढ़वा जैसे जिलों मे तापमान 44°C के स्तर को छू सकता है. पिछले 24 घंटों मे डाल्टनगंज 42.6°C के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि गुमला मे सबसे कम 19.1°C तापमान दर्ज किया गया. बदलते मौसम को देखते हुए विभाग ने लोगो को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने और लू से बचने की सलाह दी है.
