Giridih: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष एवं विधायक जयराम कुमार महतो शनिवार को अटका पहुंचे, जहां उन्होंने एनएच-2 सिक्स लेन चौड़ीकरण परियोजना से प्रभावित विस्थापितों और ग्रामीणों से मुलाकात की. इस दौरान ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित मुआवजा भुगतान का मुद्दा उठाते हुए अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं. ग्रामीणों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के लिए उनकी जमीन और संपत्तियां अधिग्रहित की गई थीं, लेकिन 12 वर्ष बीत जाने के बाद भी कई प्रभावित परिवारों को मुआवजा नहीं मिला है. उन्होंने संबंधित विभागों और अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की.

मुआवजा नहीं मिला तो होगा व्यापक जनआंदोलन
विस्थापितों को संबोधित करते हुए विधायक जयराम महतो ने कहा कि राज्य में इंडिया गठबंधन और केंद्र में एनडीए गठबंधन की सरकार होने के बावजूद अटका के विस्थापितों का मुआवजा वर्षों से लंबित रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए पहल करनी चाहिए थी. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार, केंद्र सरकार और जिला प्रशासन ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो जेएलकेएम विस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि लंबित भुगतान नहीं होने की स्थिति में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा.
ALSO READ: गिरिडीह: जमुआ में बाल श्रम के खिलाफ विशेष अभियान, चार बच्चों को कराया गया मुक्त
विस्थापितों के हक की लड़ाई हर स्तर पर लड़ने का भरोसा
जयराम महतो ने विस्थापितों को भरोसा दिलाया कि उनके हक और न्याय के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा तथा मुआवजा भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. इस अवसर पर अर्जुन प्रसाद, सरयू मंडल, विनय कुमार, मुकेश कुमार, डब्लू राणा, किशोर मंडल, विवेक पांडेय, शुभम राज, आकाश कुमार, लक्ष्मण, रंजीत और राजकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. वहीं प्रखंड अध्यक्ष उमेश कुमार महतो, केंद्रीय संगठन सचिव ललिता कुमारी, जिला महासचिव प्रेमचंद साहू, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मुमताज अंसारी, विश्वनाथ साव, कुंजलाल साव समेत कई कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे.


