Giridih: गिरिडीह जिले के करहरबारी चौरासी पंचायत अंतर्गत मोमिन सोसाइटी का आम इंटेखाबी प्रोग्राम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई. इस दौरान समाज के लोगों ने एकजुटता और भाईचारे की मिसाल पेश की.

पारदर्शी प्रक्रिया में हुआ चुनाव
इंटेखाब की प्रक्रिया तैयब हुसैन फरीदी की अध्यक्षता में पूरी हुई. उनके मार्गदर्शन में सभी कार्य सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किए गए. चुनाव में सर्वसम्मति से अताउर्रहमान को सदर (अध्यक्ष) और मनीर आलम को सचिव पद के लिए निर्विरोध चुना गया. दोनों के चयन पर उपस्थित लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी.
समाज के विकास पर जोर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर-ए-आला युसूफ अंसारी मौजूद रहे. उन्होंने अपने संबोधन में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास, शिक्षा और आपसी एकता पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि मोमिन सोसाइटी समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है, यदि सभी सदस्य मिलकर कार्य करें. नई कमिटी में नूर अहमद, साबिर अंसारी, नेजाम अंसारी, शमशेर अंसारी, मुमताज़ अंसारी, मुस्तकीम अंसारी समेत कुल 12 सदस्यों को शामिल किया गया है, जो समाज के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे.
इसके अलावा कार्यक्रम में चाँद रशीद, मास्टर अख्तर, अनवर अंसारी, हाजी तय्यब अंसारी एवं पूर्व वार्ड पार्षद सिराज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. अंत में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के हित में ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया. कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
